त्योहारों का मौसम दस्तक दे चुका है.... गली–कूचों में सफ़ाई की तैयारी है, मकानों की दीवारें धोई जा रही हैं और दिलों में रौनक जगाने वाले दीयों की जगमगाहट का इंतज़ार है..... लेकिन इस बार शहर सिर्फ़ दीयों और सजावट से नहीं, बल्कि सफ़ाई और ताज़गी से भी चमकेगा..... नगर निगम ने एक ऐसी मुहिम छेड़ दी है, जिससे नवरात्रि से लेकर दीपावली तक धमतरी की पहचान गंदगी नहीं, बल्कि रोशनी और पाकीज़गी होगी..... सड़कें साफ़ होंगी, गलियां चमकेंगी और लोगों के चेहरों पर त्योहार की रोशन मुस्कान दिखेगी।
मेयर की अपील
मेयर रामु रोहरा ने शहरवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा - त्योहार सिर्फ़ घर की सजावट से नहीं, बल्कि पूरे शहर की सफ़ाई से पूरे होते हैं.... धमतरी हमारा घर है, इसकी गलियों को भी उतना ही चमकदार बनाएँ जितना अपने आंगन को.... हर नागरिक अगर थोड़ी-सी जिम्मेदारी निभाएगा तो यह त्योहार धमतरी की पहचान बन जाएगा..... आओ मिलकर कचरे को बाहर करें और धमतरी को साफ़-सुथरा, रोशन और खुबसूरत बनाएँ।
स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी नीलेश लूनिया ने कहा –
धमतरी की पहचान गंदगी नहीं, बल्कि सफ़ाई और रौशनी से होगी..…. नियम तोड़ने वालों को मुआफ़ नहीं किया जाएगा।
कचरा गाड़ियों का बढ़ेगा बेड़ा
त्योहारों पर घर–घर में बड़े स्तर पर सफ़ाई होती है और कचरा अचानक कई गुना बढ़ जाता है...... इस स्थिति से निपटने के लिए निगम ने हर वार्ड में अतिरिक्त कचरा गाड़ियां लगाने का फ़ैसला किया है.... ये गाड़ियां मोहल्लों की गलियों में बार–बार चक्कर लगाएंगी ताकि कहीं भी कचरे का ढेर न लगे।
होटल–ढाबों पर जीरो टॉलरेंस
बैठक में बताया गया कि कई होटल और ढाबा संचालक बचे–खुचे खाने को खुले में फेंक देते हैं, जिससे बदबू और संक्रमण फैलता है...... अब निगम ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का एलान किया है..... जो भी होटल–ढाबा संचालक नियम तोड़ते पाए जाएंगे, उन पर भारी जुर्माना और कठोर कार्रवाई होगी।
नागरिकों से भी गुज़ारिश
- कचरा निगम की गाड़ियों को ही सौंपें।
- पब्लिक जगहों पर गंदगी न फैलाएं।
- त्योहारों पर प्लास्टिक का इस्तेमाल कम से कम करें।
इस बार धमतरी की गलियां जगमगाएंगी
नवरात्रि से दीपावली तक, नगर निगम का हर कर्मचारी दिन–रात मैदान में रहेगा..... अगर शहरवासी साथ देंगे, तो धमतरी की गलियां सिर्फ़ दीयों की रोशनी से नहीं, बल्कि सफ़ाई की चमक से भी जगमग उठेंगी।






