Breaking News

महापौर पर सियासी प्रतिशोध का इल्जाम... मगर विपक्ष के ही दस्तावेजों में उलझी जांच की कहानी ! एक सड़क, दो रिपोर्ट, कोर कटिंग की दो तारीखें... आखिर किसके रिकॉर्ड में छिपी है हकीकत ?



सियासत के मैदान में दूसरों के दामन पर भ्रष्टाचार के दाग तलाशना आसान है... मगर जब सवाल खुद के दामन तक पहुंच जाएं, तो ईमानदारी के दावे, उसूलों की दुहाई और जनता के हक की लड़ाई भी सवालों के घेरे में आ जाती है... धमतरी नगर निगम में सड़क निर्माण को लेकर छिड़ी सियासी जंग के बीच सबसे अहम और गौर करने वाली बात यह है जिस सड़क को लेकर आज आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है, उसका निर्माण मौजूदा महापौर रामू रोहरा के कार्यकाल से पहले हुआ था... अब दो अलग-अलग तारीखों के दस्तावेजों ने इस पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है... वहीं संबंधित ठेकेदार एवं कांग्रेस पार्षद ने अपने साथी पार्षदों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महापौर पर विपक्षी पार्षदों को दबाने और बदनाम करने का इल्जाम लगाया है... मगर इन सियासी आरोपों के बीच बड़ा सवाल अब भी बरकरार है आखिर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और जवाबदेही का सच क्या है...? सियासी शोर के बीच कहीं असल मुद्दा तो नहीं दब रहा है...?  जिनका जवाब न सिर्फ संबंधित पार्षद बल्कि निगम के जिम्मेदार अफसरों को भी देना होगा..... सड़क वही... ठेकेदार वही... निर्माण स्थल वही... कार्यादेश वही... मगर गुणवत्ता के आंकड़ों में जमीन-आसमान का फर्क और कोर कटिंग की तारीखें भी अलग-अलग आखिर कैसे ? मार्च 2025 में जिस सड़क के कांक्रीट नमूनों की औसत समतुल्य घन संपीडन शक्ति 32.22 N/mm² दर्ज की गई थी, उसी सड़क को लेकर नवंबर 2026 में जारी निगम के नोटिस में औसत स्ट्रेंथ महज 11.86 N/mm² बताई गई है...... सबसे चौंकाने वाली बात यह है आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों में नगर निगम के मुताबिक सड़क की कोर कटिंग 15 मार्च 2025 को हुई, जबकि शासकीय पॉलिटेक्निक की रिपोर्ट में यही तारीख 10 मार्च 2025 दर्ज है..... आखिर सड़क से कांक्रीट के नमूने 10 मार्च को निकाले गए थे या 15 मार्च को ? दोनों सरकारी दस्तावेजों में पांच दिनों का अंतर क्यों है ? मामला अब सिर्फ सड़क की मजबूती का नहीं... बल्कि सरकारी जांच की विश्वसनीयता, सियासत की कथनी और करनी, सरकारी खजाने की हिफाजत और जिम्मेदार अफसरों की जवाबदेही का भी है।

निगम के दस्तावेज में 15 मार्च... पॉलिटेक्निक की रिपोर्ट में 10 मार्च... आखिर कौन सी तारीख सही ?

नगर निगम के अधोसंरचना मद के अंतर्गत सोरिद वार्ड क्रमांक 35 में अनुराग सोनी के मकान से सोनबेर मैडम के मकान के समीप अनिल जाधव के मकान तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य मेसर्स नील ट्रेडर्स द्वारा कराया गया था..... इसके लिए 17 दिसंबर 2024 को कार्यादेश क्रमांक 7054 जारी किया गया था..... सड़क की ढलाई 20 दिसंबर 2024 को किए जाने का उल्लेख दस्तावेजों में है।

पहला दस्तावेज — नगर निगम के सहायक अभियंता द्वारा 10 मार्च 2025 को जारी पत्र में सड़क के तीनों नमूनों की कोर कटिंग की तारीख 15 मार्च 2025 दर्ज है।

दूसरा दस्तावेज — शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी की परीक्षण रिपोर्ट में उन्हीं तीन स्थानों, यानी 5 मीटर, 15 मीटर और 30 मीटर से लिए गए नमूनों की कोर कटिंग की तारीख 10 मार्च 2025 दर्ज है।

तीसरा दस्तावेज — शासकीय पॉलिटेक्निक द्वारा 24 मार्च 2025 को जारी पत्र में तीन कांक्रीट नमूनों का परीक्षण किए जाने का उल्लेख है।

अब सवाल उठता है आखिर एक ही सड़क और एक ही स्थान के नमूनों की कोर कटिंग की दो अलग-अलग तारीखें क्यों दर्ज हैं ? क्या निगम के पत्र में 15 मार्च की तारीख प्रस्तावित थी और पॉलिटेक्निक की रिपोर्ट में वास्तविक तारीख दर्ज है ? या फिर यह लिपिकीय भूल अथवा रिकॉर्ड संधारण में कोई अन्य खामी है ? इस पांच दिनों के अंतर की हकीकत आखिर कौन बताएगा ?

पहले मजबूती 32.22... अब महज 11.86... आखिर इतना बड़ा अंतर कैसे ?

नगर निगम के दस्तावेजों के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए एम-30 ग्रेड का कांक्रीट निर्धारित था..... शासकीय पॉलिटेक्निक में 22 मार्च 2025 को किए गए परीक्षण में तीनों नमूनों की समतुल्य घन संपीडन शक्ति क्रमशः 32.70, 31.68 और 32.28 N/mm² दर्ज की गई थी..... जिसका औसत 32.22 N/mm² रहा..... मगर नगर निगम के 18 नवंबर 2026 के पत्र क्रमांक 49 में औसत स्ट्रेंथ महज 11.86 N/mm² मिलने का उल्लेख है..... इतना ही नहीं, कोर की डेंसिटी भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिलने की बात कही गई है..... यदि दोनों परीक्षण समान तकनीकी आधार पर तुलनीय हैं, तो आंकड़ों में करीब 63 फीसदी का अंतर है..... आखिर इतने बड़े अंतर की वजह क्या है ? क्या दोनों बार एक ही सड़क के नमूनों का परीक्षण हुआ ? क्या परीक्षण की पद्धति समान थी ? या फिर सड़क की गुणवत्ता में समय के साथ गिरावट आई ?

तारीख ही नहीं... नमूनों के माप में भी विसंगति !

मीडिया को उपलब्ध कराए गए नगर निगम के दस्तावेज में कोर नमूनों का व्यास 90 और ऊंचाई 150 दर्ज करते हुए माप की इकाई सेंटीमीटर लिखी गई है..... जबकि शासकीय पॉलिटेक्निक की रिपोर्ट में इन्हीं आंकड़ों की इकाई मिलीमीटर दर्ज है..... यह संभवतः लिपिकीय त्रुटि हो सकती है, मगर सरकारी निर्माण की गुणवत्ता से जुड़े इतने महत्वपूर्ण दस्तावेजों में ऐसी विसंगति आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजरों से कैसे बच गई ?

नमूने किसने निकाले... किसने पहुंचाए प्रयोगशाला ?

शासकीय पॉलिटेक्निक की परीक्षण रिपोर्ट के आखिरी हिस्से में स्पष्ट उल्लेख है कि परीक्षण के परिणाम संबंधित पक्ष से प्राप्त सामग्री के आधार पर दिए गए हैं..... ऐसे में सवाल उठता है सड़क से नमूने निकालते वक्त कौन-कौन से अधिकारी मौजूद थे ? क्या कोर कटिंग का पंचनामा तैयार किया गया था ? क्या इसकी फोटोग्राफी अथवा वीडियोग्राफी कराई गई थी ? प्रयोगशाला तक नमूने निगम के अधिकारी लेकर पहुंचे थे या संबंधित ठेकेदार ? आखिर नमूनों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी थी ?

महापौर पर इल्जाम... मगर दस्तावेजी विसंगतियों पर भी चाहिए जवाब !

आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कांग्रेस पार्षदों ने महापौर पर विपक्षी पार्षदों को दबाने और बदनाम करने का आरोप लगाया है..... संबंधित पार्षद ने अपने निर्माण कार्य के पक्ष में पूर्व की परीक्षण रिपोर्ट भी मीडिया को उपलब्ध कराई है..... विपक्ष के आरोप अपनी जगह हैं, मगर दस्तावेजों में दर्ज अलग-अलग तारीखों और परीक्षण के आंकड़ों में भारी अंतर पर भी तकनीकी स्पष्टीकरण जरूरी है..... महापौर और निगम प्रशासन को भी स्पष्ट करना चाहिए कि नई जांच किन परिस्थितियों में कराई गई, नमूने कहां से लिए गए और पूर्व की परीक्षण रिपोर्ट से नवीनतम जांच के आंकड़ों में इतना अंतर क्यों है ?

ठेकेदार को नोटिस... जिम्मेदार अफसरों की जवाबदेही कब ?

नगर निगम ने मेसर्स नील ट्रेडर्स को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निविदा प्रपत्र की कंडिका 15 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी है.... मगर सवाल यह है क्या कार्रवाई का पूरा दायरा महज ठेकेदार तक ही सिमटकर रह जाएगा ? सड़क का एस्टीमेट तैयार करने, निर्माण की निगरानी करने, माप पुस्तिका दर्ज करने, गुणवत्ता परीक्षण कराने और भुगतान की अनुशंसा करने वाले जिम्मेदार तकनीकी अधिकारियों की भूमिका की जांच कौन करेगा ? यदि सड़क निर्माण में गुणवत्ता की कमी थी, तो जिम्मेदार अफसरों ने समय रहते उसे क्यों नहीं पकड़ा ? और यदि निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप था, तो बाद की जांच में इतने कम आंकड़े कैसे सामने आए ? बहरहाल, सरकारी दस्तावेजों में दर्ज विसंगतियां भ्रष्टाचार का अंतिम प्रमाण नहीं हैं, मगर स्वतंत्र और निष्पक्ष तकनीकी जांच की जरूरत जरूर पैदा करती हैं..... जनता के पैसों से बनी सड़क की गुणवत्ता का फैसला न तो सियासी इल्जामों से हो सकता है और न ही प्रेस कॉन्फ्रेंस से..... अब सबसे बड़ा सवाल यही है क्या निगम प्रशासन दोनों परीक्षण रिपोर्टों का निष्पक्ष मिलान कर हकीकत जनता के सामने रखेगा ? क्या कोर कटिंग की दो अलग-अलग तारीखों का राज खुलेगा ? क्या जिम्मेदार अफसरों की जवाबदेही तय होगी ? या फिर सियासी आरोप-प्रत्यारोप के शोर में सरकारी दस्तावेजों से उठे ये तमाम सवाल कहीं गुम होकर रह जाएंगे ?

Show comments
Hide comments
Cancel