समंदर की गहराइयों से उठी एक खौफनाक करवट अब तूफान बनकर तटीय इलाकों की तरफ बढ़ रही है..... बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान के और ताकतवर होने की आशंका ने मौसम का मिजाज गरमा दिया है..... मौसम विभाग के 18 नवंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को यह तूफान आंध्र प्रदेश के समुद्री तट से टकरा सकता है..... इस दौरान हवाओं के झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अंदेशा है.... आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में तेज बारिश और तूफानी हवाओं का खतरा मंडरा रहा है, वहीं इसका असर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना ने चिंता बढ़ा दी है।
ईरान ने दिया अकवान नाम, फारसी कथाओं से निकली पहचान
इस तूफान का नाम ईरान ने प्रस्तावित किया है.... अकवान फारसी पौराणिक कथाओं से जुड़ा नाम है.... हिंद महासागर क्षेत्र के चक्रवातों के लिए अलग-अलग देशों की ओर से दिए गए नामों की निर्धारित सूची का इस्तेमाल किया जाता है।
छत्तीसगढ़ में 20–21 नवंबर अहम, धमतरी में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग की क्षेत्रीय चेतावनी के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी-बिजली की आशंका है..... वहीं धमतरी जिले में 20 नवंबर को हल्की और 21 नवंबर को मध्यम बारिश के संकेत हैं.... कुरूद, नगरी-सिहावा, मगरलोड सहित आसपास के इलाकों में भी मौसम की बदलती करवट पर निगाहें रहेंगी.... हालांकि धमतरी में विनाशकारी हवाओं या चक्रवात के सीधे टकराने का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
अब 48 घंटे बेहद अहम, बदल सकता है तूफान का रास्ता!
अकवान की बढ़ती ताकत और संभावित लैंडफॉल को लेकर मौसम विभाग लगातार निगरानी कर रहा है.... आने वाले घंटों में इसकी दिशा और तीव्रता को लेकर तस्वीर और साफ होगी.... फिलहाल समंदर में उठ रहा यह तूफान तटीय इलाकों के लिए गंभीर खतरे का संकेत है, जबकि छत्तीसगढ़ में इसके अप्रत्यक्ष असर की आशंका बनी हुई है.... बहरहाल, समंदर में अकवान की दहाड़ ने तटीय राज्यों की बेचैनी बढ़ा दी है.... अब निगाहें 20 नवंबर पर टिकी हैं, जब यह तूफान समुद्री तट से टकरा सकता है.... सवाल यही है अकवान कितना ताकतवर होगा और इसकी हलचल का छत्तीसगढ़ तथा धमतरी के मौसम पर कितना असर पड़ेगा?





