सियासत के मैदान में दूसरों के दामन पर भ्रष्टाचार के दाग तलाशना आसान है... मगर जब सवाल खुद के दामन तक पहुंच जाएं, तो ईमानदारी के दावे, उसूलों की दुहाई और जनता के हक की लड़ाई के मायने ही बदलने लगते हैं... धमतरी नगर पालिक निगम से सामने आया एक मामला अब कुछ ऐसे ही सवालों को जन्म दे रहा है... जहां भाजपा शासित निगम सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुखर रहने वाले कांग्रेस के एक विपक्षी पार्षद के खुद के ठेके से बनी सीसी सड़क की गुणवत्ता सरकारी जांच में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाई गई है..... मामला सिर्फ सड़क की कमजोर मजबूती का नहीं... बल्कि सियासत की कथनी और करनी, सरकारी खजाने की हिफाजत और जिम्मेदार अफसरों की जवाबदेही का भी है..... सबसे चौंकाने वाली बात यह है जिस विपक्षी पार्षद की पहचान निगम सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर विरोध का बिगुल फूंकने से जुड़ी है, उसी पार्षद की ठेकेदार फर्म मेसर्स नील ट्रेडर्स को नगर निगम ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता में कमी को लेकर नोटिस जारी किया है..... अब सवाल उठ रहा है आखिर दूसरों के कामकाज पर सवालों की बौछार करने वाले विपक्षी पार्षद अपने ही ठेके से बनी सड़क की गुणवत्ता पर क्या सफाई देंगे ? क्या भ्रष्टाचार के खिलाफ उठने वाली आवाज अपने निर्माण कार्य में सामने आई खामियों पर भी उतनी ही बुलंद होगी ? या फिर सियासी विरोध के तराजू में दूसरों के लिए अलग और खुद के लिए अलग पैमाने अपनाए जाएंगे ? इस पूरे मामले में एक और गंभीर पहलू जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका से जुड़ा है... आखिर सड़क का एस्टीमेट तैयार करने, निर्माण की निगरानी करने, माप पुस्तिका दर्ज करने और बिलों का परीक्षण करने वाले तकनीकी अधिकारियों की जिम्मेदारी कौन तय करेगा ? क्या नोटिस की पूरी कार्रवाई सिर्फ ठेकेदार तक सिमट जाएगी ? या फिर उन अफसरों की भूमिका भी जांची जाएगी, जिनके जिम्मे सरकारी निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करवाने की जिम्मेदारी थी ?
मेसर्स नील ट्रेडर्स के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सरकारी रिपोर्ट में गंभीर सवाल
नगर पालिक निगम धमतरी के अधोसंरचना मद के अंतर्गत सोरिद वार्ड क्रमांक 35 में अनुराग सोनी के घर से सोनवर मेम के घर के पास अनिल रायप घर तक सीसी रोड निर्माण का कार्य कराया गया था..... वही इस निर्माण कार्य के संबंध में वार्डवासियों से गुणवत्ता की शिकायत मिलने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू हुई..... नगर निगम के 18 नवंबर 2026 के पत्र क्रमांक 49 के मुताबिक, शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी की परीक्षण रिपोर्ट में सड़क की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई..... सड़क निर्माण के लिए एम-30 मिक्स प्रस्तावित था, जिसकी निर्धारित स्ट्रेंथ 30 N/mm² होनी चाहिए थी..... लेकिन परीक्षण में औसत स्ट्रेंथ महज 11.86 N/mm² सामने आई..... इतना ही नहीं, कोर की डेंसिटी भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिली..... वही इस रिपोर्ट ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विपक्षी कांग्रेस पार्षद की फर्म नील ट्रेडर्स को नोटिस... तीन दिन में जवाब देने के निर्देश
नगर निगम के कार्यपालन अभियंता द्वारा जारी पत्र में मेसर्स नील ट्रेडर्स को सड़क निर्माण की गुणवत्ता के संबंध में अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं..... पत्र में उल्लेख है कि पूर्व में भी जवाब मांगा गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया..... इसके बाद निगम ने दोबारा नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं.... संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निविदा प्रपत्र की कंडिका 15 के अनुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है..... अब यह देखना दिलचस्प होगा संबंधित विपक्षी पार्षद अपनी ठेकेदार फर्म के निर्माण कार्य में सामने आई गुणवत्ता संबंधी कमियों पर क्या जवाब प्रस्तुत करते हैं।
ठेकेदार पर सवाल तो अफसरों को जवाबदेही से छूट क्यों ?
इस पूरे मामले में निगम के तकनीकी अमले की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए..... आखिर जिस सड़क की गुणवत्ता सरकारी परीक्षण में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिली, उसके निर्माण के दौरान तकनीकी निगरानी किसने की ? एस्टीमेट किस अधिकारी ने तैयार किया ? निर्माण सामग्री की गुणवत्ता किसने जांची ? माप पुस्तिका में निर्माण कार्य का मूल्यांकन किसने दर्ज किया ? बिल किसने बनाया और भुगतान की अनुशंसा किस स्तर से हुई ? यदि निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी निगरानी में लापरवाही हुई है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी निर्धारित होनी चाहिए..... क्योंकि सरकारी निर्माण कार्य में ठेकेदार की जवाबदेही जितनी जरूरी है, उतनी ही जरूरी उन अफसरों की जवाबदेही भी है, जिन्हें गुणवत्ता सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपा गया है।
दूसरों से हिसाब मांगने वाले पार्षद अपने निर्माण कार्य का हिसाब कब देंगे ?
इस मामले ने धमतरी की स्थानीय सियासत में भी एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है..... भाजपा शासित निगम सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुखर रहने वाले विपक्षी कांग्रेस पार्षद का खुद ठेकेदार होना और उनकी फर्म के निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आना राजनीतिक नैतिकता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है..... विपक्ष का काम सरकार से सवाल करना है, लेकिन जनता यह भी अपेक्षा रखती है सवाल उठाने वाले जनप्रतिनिधि स्वयं अपने कार्यों के प्रति पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही दिखाएं।
ऐसे में कुछ पंक्तियां इस पूरे मामले पर सटीक बैठती हैं...
कांच के घर में रहकर, दूसरों पर पत्थर बरसाते रहे,
अपने ही आंगन की दरारों को, दुनिया से छिपाते रहे...
गैरों से हर रोज ईमानदारी का हिसाब मांगते रहे,
जब अपने दामन पर सवाल उठे, तो नजरें चुराते रहे...
जनता के पैसों से बनी सड़क... आखिर जिम्मेदारी किसकी ?
सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली राशि जनता के हित और विकास के लिए होती है..... ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता से समझौते की आशंका भी गंभीर चिंता का विषय है..... इस पूरे मामले में केवल ठेकेदार को नोटिस जारी करना ही पर्याप्त नहीं माना जा सकता..... आवश्यक है निर्माण की निगरानी, तकनीकी मूल्यांकन, बिल और भुगतान की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच हो...... साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि गुणवत्ता में सामने आई कमियों के लिए किस स्तर पर जिम्मेदारी बनती है और सड़क को निर्धारित मानकों के अनुरूप लाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे...... फिलहाल सरकारी जांच रिपोर्ट में सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर कमियां सामने आई हैं और मेसर्स नील ट्रेडर्स से जवाब मांगा गया है.... हालांकि भ्रष्टाचार या किसी अधिकारी की मिलीभगत का अंतिम निष्कर्ष अभी सामने नहीं आया है...... अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है..... क्योंकि सवाल सिर्फ विपक्षी कांग्रेस पार्षद की फर्म नील ट्रेडर्स का नहीं... सवाल उन जिम्मेदार अफसरों का भी है, जिनकी निगरानी में निर्माण कार्य हुआ..... और सबसे बड़ा सवाल उस जनता के भरोसे का है, जिसके पैसों से विकास के नाम पर सड़क बनाई गई..... आखिर दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले विपक्षी पार्षद अपनी ही फर्म के निर्माण कार्य में सामने आई गुणवत्ता की कमियों पर कब और क्या जवाब देंगे ? और निगम प्रशासन ठेकेदार के साथ जिम्मेदार तकनीकी अधिकारियों की भूमिका की जांच करने का साहस कब दिखाएगा ?






