विशेष रिपोर्ट |
कभी अर्णब की दस्तक, कभी मुरासु का खौफ और फिर अकवान की आहट... महज कुछ हफ्तों के भीतर एक के बाद एक तीन चक्रवातों ने समंदर के बदलते मिज़ाज को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.... अभी इन तूफानों की यादें धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि बंगाल की खाड़ी में चौथे संभावित चक्रवाती सिस्टम की खबर ने एक बार फिर लोगों की फिक्र बढ़ा दी है.... आखिर समंदर बार-बार क्यों करवट बदल रहा है ? क्या नवंबर की विदाई एक और तूफान के साथ होगी ? या फिर यह नया सिस्टम समंदर में ही कमजोर पड़ जाएगा ? इन तमाम सवालों के बीच मौसम वैज्ञानिकों की निगाहें अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर टिक गई हैं..... अक्टूबर के आखिरी दिनों से नवंबर के तीसरे सप्ताह तक बंगाल की खाड़ी में अर्णब, मुरासु और अकवान नाम के तीन चक्रवात बनने की खबरें सामने आई हैं..... इन चक्रवातों के दौरान समुद्री इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और खराब मौसम की आशंकाओं ने तटीय राज्यों की चिंता बढ़ाई.... हालांकि, तीनों तूफानों के वास्तविक प्रभाव और नुकसान का अलग-अलग आधिकारिक आकलन जरूरी है।
नवंबर के आखिरी दिनों में फिर करवट ले सकता है समंदर!
अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के हवाले से सामने आई रिपोर्ट में नवंबर के आखिरी दिनों में अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के आसपास एक और चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की संभावना जताई गई है..... रिपोर्ट के मुताबिक, 19 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच समुद्री क्षेत्रों में चक्रवाती गतिविधियों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं।
आखिर इतने कम अंतराल में बार-बार चक्रवात क्यों ?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अक्टूबर से दिसंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती गतिविधियां अपेक्षाकृत सामान्य हैं.... समुद्र का गर्म पानी, वातावरण में नमी और हवाओं की अनुकूल परिस्थितियां किसी चक्रवाती सिस्टम को ताकत दे सकती हैं.... हालांकि, हर चक्रवाती परिसंचरण का खतरनाक तूफान में बदलना जरूरी नहीं है।
छत्तीसगढ़ और धमतरी पर कितना खतरा ?
फिलहाल संभावित नए सिस्टम से छत्तीसगढ़, विशेषकर धमतरी जिले में भारी बारिश, तेज हवाओं या किसी बड़े खतरे की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है..... नए सिस्टम की वास्तविक ताकत, दिशा और संभावित असर के बारे में मौसम विभाग के आगामी बुलेटिन से ही स्थिति स्पष्ट होगी।
नवंबर की विदाई शांत समंदर के साथ होगी या फिर जन्म लेगा एक और तूफान ?
बहरहाल, कम समय में लगातार सामने आई चक्रवाती गतिविधियों के बाद चौथे संभावित सिस्टम की चर्चा ने मौसम को फिर सुर्खियों में ला दिया है.... अब बड़ा सवाल यही है नवंबर की विदाई शांत समंदर के साथ होगी या बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान जन्म लेगा ? फिलहाल चौथे चक्रवात का बनना तय नहीं है, लेकिन मौसम के बदलते मिज़ाज पर वैज्ञानिकों की पैनी निगाह जरूर बनी हुई है।





