किस्मत का खेल भी कभी-कभी ऐसा होता है कि इंसान किसी अपने को आखिरी विदाई देने जाता है, लेकिन उसे क्या पता होता है कि वापसी का सफर ही उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा..... एक परिवार में पहले से मातम पसरा था, लेकिन लौटते वक्त हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दूसरे परिवार की खुशियां भी हमेशा के लिए उजाड़ दीं..... धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई..... वही हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया..... हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में गम का माहौल है..... पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है..... मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्रेमलाल नेताम और उनकी पत्नी कुमारी बाई नेताम, दुगली थाना क्षेत्र के ग्राम धनौरा के रहने वाले थे। दोनों गरियाबंद जिले के ग्राम कोकड़ी में अपने रिश्तेदार के यहां भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे.... इसी दौरान मगरलोड थाना क्षेत्र के पंडरीपानी और खड़मा गांव के बीच किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी..... टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर मगरलोड पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची..... पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है..... वहीं फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है..... आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की तफ्तीश जारी है..... एक ही पल में पति-पत्नी की जिंदगी खत्म हो गई, और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.... यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक अंजाम की दर्दनाक तस्वीर सामने लाता है।





