Breaking News

समंदर में फिर सुलगने लगा तूफान! 16 नवंबर को चक्रवात का खतरा, छत्तीसगढ़ पर भी टिकी निगाहें


समंदर की खामोशी के पीछे एक बार फिर बड़े तूफान की आहट सुनाई देने लगी है..... बंगाल की खाड़ी में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है..... पिछले चक्रवाती तूफानों की हलचल अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुई थी कि समुद्र में एक और ताकतवर सिस्टम ने दस्तक दे दी है..... भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान ने तटीय राज्यों की चिंता बढ़ा दी है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है.... इसके 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना जताई गई है.... इस नई मौसमी हलचल से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में सतर्कता बढ़ गई है, वहीं पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की निगाहें भी तूफान की बदलती दिशा पर टिक गई हैं।

समुद्र में बढ़ी हलचल, 85 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर अवदाब का रूप ले रहा है...क इसके उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है..... अनुकूल समुद्री परिस्थितियों के कारण यह सिस्टम तेजी से ताकत हासिल कर सकता है..... 17 नवंबर से मध्य बंगाल की खाड़ी में हवाओं की रफ्तार 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है...... समुद्र में ऊंची लहरें उठने और परिस्थितियां खतरनाक होने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सुरक्षित तटों पर लौटने तथा प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

ओडिशा में बढ़ी बेचैनी, 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश की आशंका

चक्रवाती तूफान की आहट के बीच ओडिशा में प्रशासन सतर्क हो गया है..... तटीय और दक्षिणी जिलों को संभावित खतरे को देखते हुए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं..... मौसम विभाग ने 18 नवंबर से ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और 19 तथा 20 नवंबर को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है..... इन दो दिनों में तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है..... तटीय इलाकों में समुद्र की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

आंध्र प्रदेश और बंगाल में भी असर की आशंका, समुद्री इलाकों में चेतावनी

नए चक्रवाती सिस्टम का असर उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी दिखाई दे सकता है..... मौसम विभाग ने 19 नवंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है.... वहीं पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है..... तेज हवाओं और समुद्र की खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ और धमतरी पर कितना असर ? फिलहाल राहत, लेकिन मौसम पर नजर

बंगाल की खाड़ी में बढ़ती चक्रवाती हलचल के बीच छत्तीसगढ़ के लिए फिलहाल राहत भरी खबर है...... मौसम विभाग के उपलब्ध पूर्वानुमान में धमतरी सहित प्रदेश के लिए इस चक्रवात के कारण भारी बारिश या तूफानी हवाओं की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.... मध्य भारत में फिलहाल किसी बड़ी मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं जताई गई है..... हालांकि ओडिशा और आंध्र प्रदेश में संभावित भारी बारिश को देखते हुए छत्तीसगढ़ में भी आने वाले दिनों के मौसम पर नजर बनी रहेगी..... चक्रवात की दिशा और तीव्रता में बदलाव होने पर मौसम के पूर्वानुमान में भी परिवर्तन संभव है।

अगले 48 घंटे बेहद अहम, किस ओर बढ़ेगा तूफान ?

मौसम विभाग के लिए 16 और 17 नवंबर का समय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है..... इसी दौरान समुद्र में विकसित हो रहे सिस्टम की वास्तविक ताकत और आगे बढ़ने की दिशा अधिक स्पष्ट होने की संभावना है..... फिलहाल तूफान के जमीन से टकराने के स्थान और समय को लेकर निश्चित स्थिति सामने नहीं आई है.... ऐसे में तटीय राज्यों में एहतियाती तैयारियों के साथ मौसम की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.... बहरहाल, नवंबर के महीने में बंगाल की खाड़ी से उठ रही इस नई हलचल ने एक बार फिर मौसम को सुर्खियों में ला दिया है.... समंदर में लगातार ताकत हासिल कर रहा यह सिस्टम आने वाले दिनों में कितना खतरनाक रूप लेगा, यह उसकी दिशा और तीव्रता पर निर्भर करेगा.... फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है तूफान का असर तटीय इलाकों तक सीमित रहेगा या इसकी बदलती चाल छत्तीसगढ़ के मौसम में भी कोई नई हलचल पैदा करेगी ? अगले 48 घंटे इस सवाल का जवाब काफी हद तक साफ कर सकते हैं।



Show comments
Hide comments
Cancel