शहर में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच अब पीजी कॉलेज मैदान के करीब हेरोइन की कथित बिक्री का मामला सामने आया है..... जगह ऐसी, जहां युवाओं और विद्यार्थियों की आवाजाही रहती है... जरिया एक कार और उसमें कथित तौर पर बिक्री के लिए रखी गई हेरोइन..... मुखबिर से मिली सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने बिना देर किए इलाके की घेराबंदी की और दबिश देकर एक युवक को पकड़ लिया..... पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 ग्राम हेरोइन बरामद हुई..... मौके से हुंडई कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं..... बरामद हेरोइन की मात्रा भले एक ग्राम है, लेकिन यह कार्रवाई अपने पीछे कई गंभीर सवाल छोड़ गई है..... आखिर हेरोइन आरोपी तक पहुंची कहां से ? कथित सौदा किसके साथ होना था ? क्या यह पहली खेप थी या इससे पहले भी खरीद-बिक्री हुई ? और सबसे अहम—क्या इसके तार शहर से बाहर किसी सप्लायर तक जुड़े हैं ? फिलहाल इन सवालों का कोई पुष्ट जवाब सामने नहीं आया है और पुलिस की विवेचना ही तस्वीर साफ करेगी।
मुखबिर की खबर... फिर मैदान के पास बिछा पुलिस का घेरा
कोतवाली पुलिस के अनुसार उसे मुखबिर से सूचना मिली थी जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास एक व्यक्ति कार में मादक पदार्थ रखकर उसकी अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी..... पुलिस के मुताबिक मौके से आशुतोष उर्फ आशु तिवारी, निवासी आमातालाब, इंडोर स्टेडियम के पास, धमतरी को पकड़ा गया..... गवाहों की मौजूदगी में तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 1 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
हेरोइन 10 हजार की, लेकिन कुल जब्ती 4.52 लाख
पुलिस ने बरामद 1 ग्राम हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई है..... इसके अलावा करीब 4 लाख रुपये कीमत की हुंडई कार और लगभग 42 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन जब्त किए गए.... इस तरह पूरे मामले में कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है।
दो मोबाइल में छिपी है अगली कड़ी?
इस कार्रवाई में जब्त दो मोबाइल फोन जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं..... विधिसम्मत डिजिटल जांच से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और कथित खरीद-बिक्री से जुड़ी कोई जानकारी उनमें मौजूद है या नहीं...... हालांकि इस स्तर पर किसी बड़े ड्रग नेटवर्क, सप्लायर या अन्य व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है.... ऐसे में पुलिस की आगे की जांच पर नजर रहेगी कि मामला केवल आरोपी तक सीमित रहता है या कोई दूसरी कड़ी भी सामने आती है..... कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 263/26, धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है..... पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.... एक ग्राम हेरोइन... एक कार... दो मोबाइल और कई सवाल





