दीपावली करीब है… घरों में सफाई का दौर शुरू होगा, आंगन सजेंगे, रंगोली बनेगी और दीयों की रोशनी से हर चौखट जगमगाएगी...... मगर घर को चमकाने की इस कोशिश में अगर कचरा नालियों, तालाबों और चौक-चौराहों तक पहुंच गया, तो त्योहार की यही सफाई शहर के लिए परेशानी का सबब बन सकती है..... अपना घर साफ हो, लेकिन उसकी गंदगी शहर के हिस्से न आए —इसी सोच और जिम्मेदारी के साथ नगर पालिक निगम धमतरी के स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्यामलाल नेताम ने शहरवासियों से स्वच्छ और सुरक्षित दीपावली मनाने की भावनात्मक अपील की है...... नवरात्र और विजयादशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए नेताम ने कहा दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का त्योहार नहीं, बल्कि अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ-सुथरा रखने का भी पैग़ाम है..... इसलिए घरों की सफाई से निकलने वाला कचरा नालियों, तालाबों, सार्वजनिक जगहों या चौक-चौराहों पर न फेंका जाए...... उन्होंने कहा— नालियां शहर की नसों की तरह हैं.... इन्हें कचरे से जाम करना यानी गंदगी, जलभराव और बीमारियों को दावत देना है...... शहर की सफाई सिर्फ नगर निगम या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है...
गीला-सूखा कचरा रखें अलग, सफाई कर्मियों को ही सौंपें
निगम की अपील है घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में जमा करें और डोर-टू-डोर आने वाली स्वच्छता दीदियों अथवा वार्ड के सफाई कर्मचारियों को सौंपें.... सफाई के दौरान निकलने वाले टूटे कांच, ब्लेड, कील और दूसरी धारदार वस्तुओं को सुरक्षित तरीके से अलग रखें, ताकि सफाई कर्मियों या पशुओं को चोट न पहुंचे..... पुराने केमिकल, ऑयल और एक्सपायरी दवाओं के निस्तारण में भी विशेष सावधानी बरतें और इन्हें बच्चों व पशुओं की पहुंच से दूर रखें।
मिट्टी के दीये जलाएं, पॉलीथिन से बनाएं दूरी
श्यामलाल नेताम ने दीपावली पर देशी मिट्टी के दीयों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और पॉलीथिन मुक्त धमतरी बनाने में नागरिकों से सहयोग की गुज़ारिश की है..... उन्होंने शहरवासियों को संदेश दिया इस बार दीपावली की सफाई सिर्फ घर की चौखट तक सीमित न रहे.... अपने आसपास की गली, मोहल्ले और शहर की सफाई का भी उतना ही ख्याल रखें।
एक दीया घर के नाम… एक दीया स्वच्छ धमतरी के नाम
रोशनी तभी खूबसूरत लगेगी, जब आसपास सफाई होगी.….
त्योहार तभी मुकम्मल होगा, जब शहर भी मुस्कुराएगा।
आइए, इस दीपावली संकल्प लें— स्वच्छ घर… स्वच्छ वार्ड… स्वच्छ नगर… स्वच्छ प्रदेश..... और मिलकर ऐसा धमतरी बनाएं, जहां दीयों की रोशनी के साथ स्वच्छता की चमक भी दूर तक दिखाई दे।





