स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर जहां पूरा देश तिरंगे की आन, बान और शान में सराबोर था, वहीं धमतरी में एक सोशल मीडिया पोस्ट ने अचानक सियासी माहौल को गरमा दिया..... भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज पर कुरूद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर से जुड़ी एक पोस्ट को लेकर भाजपा ने कड़ा एतराज जताते हुए इसे भ्रामक, मिथ्या और जनभावनाओं को आहत करने वाला करार दिया है.... मामला इतना बढ़ा कि भाजपा नेताओं ने सिटी कोतवाली धमतरी पहुंचकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश और मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई की मांग कर दी..... भाजपा नेताओं का आरोप है राष्ट्रीय पर्व के दिन इस तरह की पोस्ट के जरिए जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने, भाजपा तथा विधायक अजय चंद्राकर की राजनीतिक एवं सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया.... भाजपा नगर निगम के लोक निर्माण विभाग प्रभारी विजय मोटवानी ने इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस की संकुचित मानसिकता और गंदी राजनीति का परिचायक बताते हुए तीखा हमला बोला है
राष्ट्रीय पर्व पर ऐसी राजनीति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण —विजय मोटवानी
विजय मोटवानी ने कहा कि स्वच्छ लोकतांत्रिक परंपरा में राष्ट्रीय पर्व को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का अखाड़ा बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है..... उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई कथित भ्रामक जानकारी को कुछ समाचार माध्यमों द्वारा भी प्रसारित किया गया, जिससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाने की आशंका पैदा हुई.... मोटवानी ने कहा भाजपा हमेशा शुचिता, स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा और सकारात्मक राजनीति की पक्षधर रही है, लेकिन कांग्रेस द्वारा मिथ्या एवं भ्रामक प्रचार के माध्यम से प्रदेश के कद्दावर नेता अजय चंद्राकर की आवाज को दबाने का प्रयास कभी कामयाब नहीं होगा
विधानसभा में अजय चंद्राकर की आवाज मां भारती की आरती की तरह गूंजती रहेगी
विजय मोटवानी ने कहा अजय चंद्राकर वर्षों से विधानसभा में जनता के मुद्दों को मुखरता से उठाते आए हैं.... उनके अनुसार लोकतंत्र के मंदिर विधानसभा में अजय चंद्राकर की आवाज आम जनता के हक और अधिकारों की आवाज है..... उन्होंने आगे कहा विधानसभा जैसे लोकतंत्र के मंदिर में अजय चंद्राकर की आवाज मां भारती की आरती की तरह जनता की भावनाओं से मिलकर हमेशा गूंजती रहेगी.... कांग्रेस उनका बाल भी बांका नहीं कर सकती...... मोटवानी ने कहा जनता के बीच अजय चंद्राकर की राजनीतिक स्वीकार्यता को किसी सोशल मीडिया पोस्ट या भ्रामक प्रचार से खत्म नहीं किया जा सकता..... भाजपा कार्यकर्ता अब इस पूरे मामले का जवाब जनता के बीच लोकतांत्रिक तरीके से देंगे
थाने पहुंची भाजपा—FIR की मांग
इधर मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब भाजपा जिला महामंत्री महेन्द्र पंडित एवं जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिंदूजा ने सिटी कोतवाली धमतरी में लिखित शिकायत देकर कथित भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में FIR दर्ज करने की मांग की..... शिकायत में कहा गया है भारतीय जनता पार्टी देश और विश्व की बड़ी राजनीतिक पार्टियों में से एक है और करोड़ों लोगों की भावनाएं पार्टी से जुड़ी हुई हैं.... शिकायतकर्ताओं के मुताबिक कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर अजय चंद्राकर से संबंधित ऐसी सामग्री प्रसारित की गई, जिसे भाजपा ने जनभावनाओं के विपरीत और भ्रामक बताया है..... शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 22 मार्च 2026 को कुरूद में भाजपा के प्रशिक्षण अभियान के दौरान पार्टी के ध्वज का ध्वजारोहण किए जाने से संबंधित तस्वीर/पोस्ट को स्वतंत्रता दिवस के संदर्भ से जोड़कर प्रस्तुत किए जाने से भ्रम पैदा हुआ..... भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी जिला मुख्यालय में शासन के कार्यक्रम में अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे, जहां प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में सुबह करीब 8:05 बजे ध्वजारोहण किया गया.... ऐसे में पुराने कार्यक्रम से जुड़ी सामग्री को अलग संदर्भ में प्रस्तुत कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया।
छवि धूमिल करने और उन्माद फैलाने का प्रयास—शिकायत में आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस तरह की सामग्री प्रसारित कर देश की जनता को भ्रमित करने तथा भाजपा और अजय चंद्राकर की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावित करने का प्रयास किया गया..... शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष विवेचना कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की मांग की है..... भाजपा नेताओं ने पुलिस से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पोस्ट की वास्तविकता, उसके स्रोत, प्रसारण की मंशा और उससे जुड़े जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जाए तथा यदि पोस्ट में तथ्यात्मक भ्रम या कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए
महापौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद
शिकायत के दौरान महापौर रामू रोहरा, विजय मोटवानी, भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे..... इस पूरे घटनाक्रम के बाद धमतरी की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं..... राष्ट्रीय पर्व के मौके पर शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया पोस्ट से निकलकर पुलिस शिकायत और FIR की मांग तक पहुंच चुका है...… ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि आखिर कांग्रेस की पोस्ट में ऐसा क्या था, जिसे लेकर भाजपा ने इसे महज राजनीतिक बयानबाजी न मानते हुए पुलिस की चौखट तक पहुंचने का फैसला किया ? क्या यह महज सोशल मीडिया की एक पोस्ट है या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश छिपा है ? वही फिलहाल भाजपा ने अपना रुख साफ कर दिया—अजय चंद्राकर की राजनीतिक आवाज को किसी भी कथित भ्रामक प्रचार से दबाया नहीं जा सकता और पूरे मामले का जवाब भाजपा कार्यकर्ता अब जनता के बीच देंगे





