सियासत में हर तूफान शोर के साथ नहीं आता… कुछ तूफान खामोशी की चादर ओढ़कर संगठन के बंद कमरों में पलते हैं..... पहले कुछ मुलाकातें होती हैं, फिर कानाफूसी शुरू होती है और जब बात दिल पर लगने लगे तो वही धीमी आवाज़ एक दिन शिकायत बनकर ऊपर तक पहुंच जाती है..... प्रदेश के एक जिले में संगठन के भीतर इन दिनों कुछ ऐसी ही कहानी आकार लेने की चर्चा है...... आरोप एक प्रदेश पदाधिकारी की कार्यशैली को लेकर हैं और नाराज़गी उन लोकल संगठन पदाधिकारियों में बताई जा रही है, जिन्हें कथित तौर पर अपने पास बुलाकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की शिकायत करने के लिए दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है....... मामला अब इसलिए ज्यादा दिलचस्प हो गया है क्योंकि अब तक अंदर ही अंदर चल रही यह नाराज़गी जिला संगठन के मुखिया तक पहुंच चुकी बताई जा रही है और पीड़ित बताए जा रहे पदाधिकारी अब प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पूरी बात सामने रखने की तैयारी कर रहे हैं..... कहानी में असली हलचल उस वक्त शुरू हुई, जब संगठन के कुछ पदाधिकारियों ने कथित दबाव को लेकर आपस में अपनी परेशानी साझा करनी शुरू की...... आरोप है एक प्रदेश पदाधिकारी द्वारा स्थानीय संगठन से जुड़े लोगों को बुलाया जाता है और उनसे क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की शिकायत करने को कहा जाता है.... बताया जा रहा है शुरुआत में मामला संगठन के भीतर ही रहा..... कोई खुलकर सामने नहीं आया, लेकिन धीरे-धीरे नाराज़गी बढ़ती गई..... आखिरकार इसकी जानकारी जिले के संगठन मुखिया तक पहुंचाई गई।
और अब इस कहानी की जगह भी जान लीजिए—
संगठन के भीतर उठ रही इस हलचल के तार धमतरी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
धमतरी में अंदर ही अंदर चल रही यह चर्चा अब प्रदेश स्तर तक पहुंचने की तैयारी में है.... संबंधित पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय जाकर अपनी बात रखने की तैयारी कर रहे हैं.... यदि शिकायत औपचारिक रूप से प्रदेश नेतृत्व के सामने पहुंचती है तो मामला संगठन के भीतर नई बहस को जन्म दे सकता है।
लेकिन इस पूरी कहानी के बीच कई सवाल अब भी पर्दे के पीछे हैं....
आखिर स्थानीय संगठन पदाधिकारियों से जनप्रतिनिधियों की शिकायत करवाने का आरोप क्यों लग रहा है ? ..... क्या इसके पीछे संगठन की कोई अंदरूनी रणनीति है ? क्या स्थानीय स्तर पर कोई खींचतान चल रही है ? या फिर पर्दे के पीछे ऐसी कोई कहानी है, जिसके किरदार अभी सामने आने बाकी हैं ? फिलहाल संबंधित प्रदेश पदाधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया है और लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है..... ऐसे में कहानी का दूसरा पहलू सामने आना अभी बाकी है..... मगर इतना जरूर है धमतरी के बंद कमरों से निकली यह आवाज़ अगर प्रदेश कार्यालय की चौखट तक पहुंची, तो शिकायत के उस पन्ने से कई ऐसे सवाल बाहर आ सकते हैं, जिनकी चर्चा फिलहाल सिर्फ धीमी आवाज़ में हो रही है...... अब निगाह इस बात पर है प्रदेश कार्यालय तक शिकायत पहुंचती है या उससे पहले ही संगठन के भीतर इस कहानी का कोई नया अध्याय खुल जाता है।





