Breaking News

चार दिन बाद टूटी खामोशी... पुलिस कप्तान ने बनाई तीन डीएसपी की जांच कमेटी, लेकिन आधी रात पोटियाडीह ओवरब्रिज पर आखिर हुआ क्या था...?

घटना के चार दिन बाद आखिरकार धमतरी पुलिस कप्तान को सामने आकर इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देनी पड़ी..... मीडिया से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन डीएसपी की विशेष समिति गठित की गई है.... उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान लिए जाएंगे और तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी.....


लेकिन कप्तान के इस बयान के बाद भी वह सवाल अब तक अनुत्तरित है, जिसने पिछले चार दिनों से पूरे जिले में चर्चा और बहस का माहौल बना रखा है—आखिर आधी रात पोटियाडीह ओवरब्रिज पर ऐसा क्या हुआ था कि एक परिवार खुद को अपमानित और परेशान महसूस कर रहा है? उस रात सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ था..... धमतरी में सिनेमा का आखिरी शो देखकर एक पति-पत्नी अपने मासूम बच्चे के साथ आमदी लौट रहे थे..... गोद में बच्चा गहरी नींद में था, परिवार जल्द से जल्द घर पहुंचना चाहता था..... लेकिन पोटियाडीह ओवरब्रिज के पास अचानक हालात बदल गए.... परिवार का आरोप है उनकी बाइक रोकी गई, वाहन की चाबी निकाल ली गई और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी..... घटना के बाद सामने आए वीडियो ने पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया..... सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं..... आरोप है कि वीडियो में एक वर्दीधारी अधिकारी युवक के साथ अभद्र व्यवहार करते और उसका चेहरा पकड़कर मरोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं..... यदि जांच में ये आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला केवल एक परिवार की शिकायत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कानून के समान अनुपालन और जवाबदेही को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा..... लोग पूछ रहे हैं कि क्या आधी रात अपने परिवार के साथ घर लौट रहे नागरिकों को रोककर इस तरह की कार्रवाई करने के लिए कोई विशेष निर्देश हैं? क्या वाहन रोकने और चाबी निकालने की कोई वैधानिक वजह थी? क्या पूरी कार्रवाई नियमों के अनुरूप थी? और यदि किसी आम नागरिक द्वारा पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता किए जाने पर तत्काल कानूनी धाराएं लग जाती हैं, तो फिर जब आरोप स्वयं वर्दी पर लग रहे हों, तब जवाबदेही कौन तय करेगा? क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है...... नागरिकों का कहना है सुरक्षा और जांच पुलिस का अधिकार है, लेकिन उस अधिकार के इस्तेमाल में इंसानियत, संवेदनशीलता और संयम भी उतना ही जरूरी है..... खासकर तब, जब सामने एक परिवार हो और गोद में एक मासूम बच्चा मौजूद हो..... फिलहाल अब सभी की निगाहें तीन डीएसपी की जांच समिति पर टिकी हैं..... लोग जानना चाहते हैं कि उस रात की सच्चाई क्या है? क्या परिवार के आरोप सही हैं, या फिर कहानी का कोई दूसरा पक्ष भी सामने आएगा? इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे...... लेकिन इतना जरूर है कि यह मामला अब सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि जनता और वर्दी के बीच भरोसे की परीक्षा बन चुका है।



Show comments
Hide comments
Cancel