किसी भी शहर की असली पहचान केवल विकास की ऊंची इमारतों से नहीं, बल्कि मुश्किल घड़ी में अपने लोगों के लिए खड़ी रहने वाली संवेदनाओं से होती है..... धमतरी के लिए ऐसी ही एक उम्मीद, एक राहत और एक नई शुरुआत लेकर आ रही है सर्वसुविधायुक्त वेंटिलेटर एम्बुलेंस, जो गंभीर मरीजों के लिए जीवन और मौत के बीच की दूरी को कम करने का प्रयास करेगी..... सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक और अन्य गंभीर आपात स्थितियों में अब मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी..... समाजसेवी अमित नंदकिशोर अग्रवाल एवं विकास सिंह (सन्नी) द्वारा रितुराज पवार फाउंडेशन के माध्यम से धमतरी को समर्पित की जा रही यह सौगात शहरवासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है...... धमतरी में इस अत्याधुनिक वेंटिलेटर एम्बुलेंस का लोकार्पण समारोह 16 जुलाई को शाम 5:30 बजे, गौशाला परिसर, विध्यवासिनी मंदिर के पीछे आयोजित किया जाएगा...... कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडे, रितुराज पवार, आनंद पवार, गौशाला ट्रस्ट के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे...... यह एम्बुलेंस वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, डिफिब्रिलेटर, फर्स्ट एड किट सहित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस होगी...... साथ ही प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ भी उपलब्ध रहेगा, ताकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही मरीज को आवश्यक जीवनरक्षक उपचार मिल सके..... जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को यह सेवा निःशुल्क अथवा न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी..... समाजसेवी अमित नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि धमतरी केवल उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि नहीं, बल्कि उनका परिवार है..... यहां के लोगों का स्नेह, भरोसा और अपनापन उन्हें लगातार समाजसेवा के लिए प्रेरित करता है..... उन्होंने कहा स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों में हर मिनट बेहद कीमती होता है.... कई बार समय पर एम्बुलेंस या उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीज की जान खतरे में पड़ जाती है..... इसी सोच के साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस वेंटिलेटर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया...... उन्होंने कहा कि इस एम्बुलेंस का उद्देश्य केवल मरीज को अस्पताल पहुंचाना नहीं, बल्कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है..... यदि इस पहल से किसी एक भी व्यक्ति की जान बचती है, तो वह इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य मानेंगे..... उन्होंने कहा यह सेवा समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए समर्पित है..... उन्होंने विश्वास जताया कि रितुराज पवार फाउंडेशन इस एम्बुलेंस का संचालन पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करेगा..... साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि इस जनसेवा अभियान की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं..... वहीं समाजसेवी विकास सिंह (सन्नी) ने कहा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था होती है..... आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना कई बार जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित होता है..... इसी सेवा भावना के साथ सर्वसुविधायुक्त वेंटिलेटर एम्बुलेंस की शुरुआत की जा रही है..... उन्होंने कहा कि रितुराज पवार फाउंडेशन लंबे समय से समाजहित के कार्यों में सक्रिय है और यह पहल उसी सेवा भावना का विस्तार है..….. उन्हें विश्वास है यह एम्बुलेंस धमतरी एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरक्षक सुविधा साबित होगी..... उन्होंने कहा कि समाज की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे..... दानदाताओं ने बताया कि उन्हें यह सेवा कार्य करने की प्रेरणा रितुराज पवार के समाजसेवा के कार्यों, उनके आदर्शों और जनकल्याण की सोच से मिली है..... उन्हीं के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए यह पहल की जा रही है...... अंत में रितुराज पवार फाउंडेशन के अध्यक्ष रितुराज पवार ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा एम्बुलेंस का संचालन पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिल सके और अनमोल ज़िंदगियां बचाई जा सकें..... यह केवल एक एम्बुलेंस नहीं, बल्कि धमतरी के लिए उम्मीद, इंसानियत, सेवा और जीवन बचाने का एक मजबूत संकल्प है।





